मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर दौरे को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था फुलप्रूफ बनाने में जुटा प्रशासन; आज होगी हाई-लेवल ASL बैठक
Total Views : 396
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 26 एवं 27 जुलाई 2026 को प्रस्तावित उदयपुर जिले के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न कराने के लिए आज विभिन्न निर्धारित स्थलों पर एडवांस सिक्योरिटी लाइजिंग (ASL) की कार्रवाई की जा रही है। जिला मजिस्ट्रेट, उदयपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, अग्निशमन, हेलीपेड एवं अन्य व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण करेगी।

जिला मजिस्ट्रेट, उदयपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार महाराणा प्रताप डबोक एयरपोर्ट पर सुबह 11:00 बजे ए.एस.एल. बैठक एवं निरीक्षण होगा, जहां रमेश सिरवी पुनाडिया, उपखण्ड मजिस्ट्रेट मावली तथा चेतना भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोनीत अधिकारी रहेंगे।

इसके बाद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के हेलीपेड पर दोपहर 12:30 बजे सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। यहां रमेश बहेडिया, उपायुक्त, चेतना भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं रणजीत सूर्यवंशी, पुलिस निरीक्षक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दोपहर 01:30 बजे कालिका नर्सरी जंगल सफारी पार्क, सीसारमा रोड पर ए.एस.एल. की कार्रवाई होगी, जहां सुरेन्द्र बी. पाटीदार, उपायुक्त, बीडा तथा चेतना भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरक्षा एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वहीं बीडा, झाड़ोल स्थित हेलीपेड एवं कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 03:30 बजे ए.एस.एल. आयोजित होगी। यहां कपिल कुमार कोठारी, उपखण्ड मजिस्ट्रेट झाड़ोल, चेतना भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अरविन्द कुमार सालवी, पुलिस निरीक्षक को मनोनीत अधिकारी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए एयरपोर्ट ऑथोरिटी, सी.आई.एस.एफ., प्रोटोकोल अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), सार्वजनिक निर्माण विभाग (सिविल एवं इलेक्ट्रिक), खाद्य निरीक्षक, स्थानीय पुलिस, अग्निशमन अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी (पी.आर.ओ.), वन विभाग, राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय सहित कुल 17 प्रमुख विभागों एवं एजेंसियों के जिला स्तरीय अधिकारियों को ए.एस.एल. बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों, प्रोटोकॉल एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि 26 एवं 27 जुलाई 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम पूरी सुरक्षा, सुचारु समन्वय एवं सफल संचालन के साथ संपन्न हो सके। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।