रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल।
झाड़ोल ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, चांगला में शनिवार को सेवा, शिक्षा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। अध्यापक एवं समाजसेवी नरेश लोहार की प्रेरणा से भामाशाह मनोज कोठारी एवं पायल कोठारी ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को निशुल्क स्कूल बैग वितरित किए। नए बैग मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी और विद्यालय परिसर उत्साह से भर उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन के साथ हुई। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने भामाशाह दंपति का पारंपरिक साफा, उपारणा एवं सम्मान समारोह के माध्यम से स्वागत किया। विद्यालय प्रशासन ने शिक्षा के प्रति उनके सहयोग को अनुकरणीय बताते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रकाश भट्ट, भंवर नागदा, दिव्या मेघवाल, पूनम लोहार, खुशबू जैन, विजय मेघवाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों के ऐसे सहयोग से सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएँ मिलती हैं और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने भामाशाह दंपति सहित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
