माकड़ादेव में कल विशाल हिन्दू महाकुंभ का आयोजन, गुरु पूर्णिमा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना, संतों का होगा दिव्य सान्निध्य
Total Views : 234
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल ।

उदयपुर जिले के झाड़ोल तहसील के माकड़ादेव में रविवार को विशाल हिन्दू महाकुंभ एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजकों ने क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के सनातन धर्मावलंबियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्म, संस्कृति और गुरु परंपरा के इस महापर्व में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

आयोजन के दौरान पूज्य ब्रह्मचारी श्री श्री गुलाब दास जी महाराज एवं मेवाड़ पीठाधीश्वर श्री 1008 श्री स्वामी सुदर्शनाचार्य जी महाराज का दिव्य सान्निध्य रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए सरोवर के शांत तट एवं प्राकृतिक वातावरण में धार्मिक अनुष्ठानों, गुरु वंदना और आध्यात्मिक प्रवचनों का विशेष आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे स्वागत एवं आगमन से होगी। इसके बाद 10:30 बजे गंगा आरती, 11 बजे गुरु हवन एवं वैदिक अनुष्ठान, दोपहर 12 बजे आशीर्वचन एवं उद्बोधन तथा दोपहर 1 बजे महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन होगा।

आयोजकों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, भक्ति और गुरु वंदना का पावन पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करेंगे। आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।