बिछीवाड़ा में ग्रामीण पुस्तकालय की मांग को लेकर 100 से अधिक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा
Total Views : 93
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ प्रवीण वेद, झाड़ोल

फलासिया। पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिछीवाड़ा में वीबीजी–राजजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण पुस्तकालय की स्थापना की मांग को लेकर युवाओं ने पहल करते हुए 100 से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन ग्राम पंचायत प्रशासन को सौंपा। आवेदन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष फतेह लाल भाट, ग्राम पंचायत प्रशासक मोतीलाल डगाचा एवं ग्राम विकास अधिकारी भैरूलाल मेघवाल को प्रस्तुत किया गया। आवेदन में ग्राम पंचायत क्षेत्र में ग्रामीण पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजने का आग्रह किया गया। 

आवेदन में बताया गया कि बिछीवाड़ा क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा अध्ययन के लिए पुस्तकालय जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। यदि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीण पुस्तकालय स्थापित होता है तो विद्यार्थियों एवं युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा तथा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। 

उल्लेखनीय है कि हाल ही में झाड़ोल के बीड़ा गांव में आयोजित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रात्रि चौपाल के दौरान इसी योजना के अंतर्गत चार खेल मैदानों को मौके पर ही स्वीकृति मिली थी। इससे प्रेरित होकर बिछीवाड़ा के युवाओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाया और 100 से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन तैयार कर ग्राम पंचायत को सौंपा।

युवाओं ने मांग की कि ग्राम पंचायत प्रस्ताव पारित कर शीघ्र ही जिला कार्यक्रम समन्वयक, उदयपुर को भेजे, ताकि बिछीवाड़ा को भी इस योजना का लाभ मिल सके।

इस दौरान एसटी मोर्चा अध्यक्ष हरिश अंगारी, मांगीलाल लोहार, गजेन्द्र लोहार, गौ रक्षक दल अध्यक्ष चेतन लोहार, कमलेश लोहार, निखिल मेघवाल, कुणाल लोहार सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।