रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
लाड़ली सुरक्षा योजना को मिली रफ्तार, कस्बे में CCTV कैमरे लगाने का काम शुरू, अपराधियों की हर चाल होगी कैमरे में कैद
झाड़ोल | झाड़ोल कस्बा अब हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। राजस्थान सरकार की लाड़ली सुरक्षा योजना के तहत कस्बे के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू हो गया है। कैमरों के संचालन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DOIT&C) द्वारा कैमरा पोलों पर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मंजूरी मिलने के बाद पूरे प्रोजेक्ट को नई गति मिल गई है।
अब झाड़ोल की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली हर गतिविधि पर 24 घंटे इलेक्ट्रॉनिक निगरानी रहेगी। कैमरों के जरिए पुलिस और प्रशासन संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रख सकेगा, जिससे चोरी, लूट, छेड़छाड़, सड़क दुर्घटनाओं और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।
घटना के तुरंत बाद मिलेगा डिजिटल सबूत
सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग किसी भी आपराधिक या दुर्घटना संबंधी घटना की जांच में अहम साक्ष्य बनेगी। पुलिस को अपराधियों की पहचान करने, घटनाक्रम की पुष्टि करने और त्वरित कार्रवाई करने में आसानी होगी। इससे कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
बाजारों और चौराहों पर बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा
स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कैमरे लगने से बाजारों में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा, लोगों का विश्वास बढ़ेगा और अपराधियों में कानून का डर पैदा होगा।
पूरे कस्बे को CCTV नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी
प्रशासन की योजना आने वाले समय में झाड़ोल के अधिक से अधिक सार्वजनिक स्थलों को सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ने की है, ताकि कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था आधुनिक तकनीक से पूरी तरह सशक्त हो सके।
