रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
4 से 5 हजार समाजजनों ने एकजुट होकर दिया सामाजिक एकता का संदेश, शिक्षा-नशामुक्ति और जल-जंगल-जमीन बचाने का लिया संकल्प
झाड़ोल। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर नवगठित पंचायत समिति ओगणा मे रविवार को आदिवासी समाज की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेला ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में ओगणा ब्लॉक की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं, बच्चे एवं समाजजन पहुंचे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 4 से 5 हजार समाजजन शामिल हुए और पूरे परिसर में आदिवासी एकता व सामाजिक गौरव का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, शिक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। समाजजनों ने एक स्वर में नशे से दूर रहने और युवा पीढ़ी को नशे की बुराई से बचाने का संकल्प लिया। साथ ही शिक्षा को आदिवासी समाज के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए बच्चों और युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षा बनेगी समाज के विकास की ताकत
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज का मजबूत भविष्य उसकी शिक्षित युवा पीढ़ी से बनता है। आदिवासी समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे शिक्षा के साथ अपने समाज और संस्कृति से भी जुड़े रहें।
जल-जंगल-जमीन बचाने का लिया संकल्प
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर समाजजनों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान और जीवन प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
सामाजिक एकता का दिखा मजबूत संदेश
कार्यक्रम में आदिवासी समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने विचार रखे। समाज के विकास, शिक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक एकता और युवाओं की भूमिका को लेकर वक्ताओं ने महत्वपूर्ण बातें रखीं। बड़ी संख्या में समाजजनों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया।
कार्यक्रम में मुकेश वडेरा, गोविन्द कसौटा, राज कपाया, अर्जुन वडेरा, सुन्दर लाल, मालुराम कपाया, रोशन लाल, थावर चन्द, बदामी लाल, प्रभु लाल, अर्जुन कसौटिया, कालू लाल, भेरू लाल, शान्ति लाल एवं मांगी लाल वडेरा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजजन मौजूद रहे।
विश्व आदिवासी दिवस के इस आयोजन के माध्यम से ओगणा ब्लॉक के आदिवासी समाज ने शिक्षा को प्राथमिकता देने, नशे से दूर रहने, सामाजिक एकता मजबूत करने, संस्कृति एवं प्रकृति की रक्षा करने और समाज के सर्वांगीण विकास का मजबूत संदेश दिया।
जय जोहार • जय आदिवासी • जय संविधान
