सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर दहशत फैलाना पड़ा भारी, झाड़ोल पुलिस ने युवक को दबोचा
Total Views : 274
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

इंस्टाग्राम पर हथियार लहराते वीडियो से मचा हड़कंप, पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से खुला मामला; पूछताछ में निकला खिलौना तमंचा

झाड़ोल। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ झाड़ोल पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। इंस्टाग्राम पर पिस्टल/तमंचा लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने तत्काल इनपुट जुटाया और इसकी सूचना झाड़ोल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी सहायता एवं आसूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने का वीडियो हुआ वायरल

थानाधिकारी करनाराम के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक बीच सड़क पर हाथ में पिस्टलनुमा हथियार लेकर चलता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान और लोकेशन के लिए जांच शुरू की। सोशल मीडिया से मिले इनपुट को पुलिस ने तकनीकी स्तर पर खंगाला और आरोपी तक पहुंच बनाई।

बरबली से आरोपी को दबोचा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी करनाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बरबली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्लू (21), पिता देवीलाल, निवासी बरबली, थाना झाड़ोल के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वायरल वीडियो उसी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड किया था। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा तमंचा असली हथियार नहीं बल्कि खिलौना था। आरोपी के अनुसार उसने यह खिलौना करीब एक वर्ष पहले अंबाजी, गुजरात से खरीदा था।

हालांकि पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारनुमा वस्तु लहराकर वीडियो बनाना और उसे वायरल करना आमजन में भय का माहौल पैदा कर सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

इस कार्रवाई से साफ है कि झाड़ोल पुलिस और पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए हुए है। आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा भय पैदा करने वाली गतिविधियों से जुड़े वीडियो सामने आने पर पुलिस द्वारा तत्काल इनपुट जुटाकर कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

थानाधिकारी करनाराम — झाड़ोल थाना

कांस्टेबल सुभाष चंद्र — मुख्य भूमिका

कांस्टेबल — ओमप्रकाश 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।