साइबर ठगों पर सख्ती, महिला सुरक्षा पर विशेष जोर; बाघपुरा थाना पुलिस ने सीएलजी बैठक में दिए सुरक्षा के मंत्र
Total Views : 110
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल । शुक्रवार को पुलिस थाना बाघपुरा परिसर में थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा की अध्यक्षता में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विश्व आदिवासी दिवस, विभिन्न त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने उपस्थित सीएलजी सदस्यों और ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की सूचना बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को दें। पुलिस हर शिकायत पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों को वाहन नहीं सौंपने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की भी समझाइश दी गई।

आगामी विश्व आदिवासी दिवस एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील करते हुए थानाधिकारी ने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था मजबूत रह सकती है।

बैठक में सीएलजी सदस्यों ने भी पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने का भरोसा दिलाया।