एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी रविवार को फलासिया क्षेत्र के दौरे पर रहे। दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत देवडावास में नवनिर्मित पंचायत भवन तथा ग्राम पंचायत आमीवाड़ा में लीलागर महादेव सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी क्षेत्रों के समान मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे आमजन का जीवन स्तर बेहतर बन सके। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
मंत्री खराड़ी ने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकसित किए जा रहे भवन केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि ये ग्रामीण विकास की नई सोच और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था के प्रतीक हैं। इन भवनों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने की है और इसी उद्देश्य से लगातार विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देवडावास पंचायत भवन के निर्माण से पंचायत प्रशासन को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं आमीवाड़ा स्थित लीलागर महादेव सामुदायिक भवन सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे ग्रामीणों को एक बेहतर सार्वजनिक मंच उपलब्ध होगा और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री खराड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य सरकार के नेतृत्व में विकास की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप नए कार्य स्वीकृत करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनावों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा विकास कार्यों को जन-जन तक बताएं। उन्होंने आगामी चुनावों में पूर्ण समर्पण के साथ जुटने का आह्वान करते हुए संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री खराड़ी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। मंडल प्रतिनिधि भोपाल सिंह शक्तावत ने भी सरकार की योजनाओं एवं क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर देहात जिला प्रवक्ता नीलमराज पुरोहित, मंडल प्रतिनिधि भोपाल सिंह शक्तावत, मंडल महामंत्री जगदीश कसौटा, मंडल अध्यक्ष फलासिया,
पूरण सिंह पंवार, पूर्व मंडल महामंत्री विनोद कुमार पारगी, युवा मोर्चा मंडल महामंत्री भगवत सिंह पंवार, मनीष लोहार, देवडावास प्रशासक मोतीलाल आमीवाड़ा प्रशासक लक्ष्मी देवी पारगी, समाजसेवी नानालाल पारगी, उपसरपंच दीप सिंह झाला, वार्ड पंच विकास कलाल, अरविंद खराड़ी, प्रकाश खोखरिया, युवा नेता महेंद्र वेद, विधानसभा प्रभारी मनीष माली, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट Np News24
