हाईवे पर राहगीरों को रोककर मारपीट और लूट!
Total Views : 768
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। नेशनल हाईवे 58ई पर रात के अंधेरे में राहगीरों को रोककर मारपीट करने और हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ झाड़ोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें वारदात में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की जांच जारी है।


मामला 26 अगस्त 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे का है। झाड़ोल निवासी मुकेश कुमार सोनी ने 27 अगस्त को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी बहन लक्ष्मी के साथ मोटरसाइकिल से उदयपुर से झाड़ोल लौट रहे थे। उण्डावेला के पास तीन मोटरसाइकिलों पर सवार तीन-चार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा ली। आरोपियों ने मारपीट करते हुए उनका पर्स और मोबाइल छीन लिया। वहीं उनकी बहन के गले में पहना करीब दो तोले का मंगलसूत्र तथा लेडीज पर्स भी लूट लिया।


रिपोर्ट के अनुसार बदमाशों में से एक ने सफेद शर्ट और दूसरे ने काली शर्ट पहन रखी थी तथा एक आरोपी ने चेहरे पर रूमाल बांध रखा था। आरोपियों के पास तलवार और चाकू जैसे हथियार भी थे। मारपीट के दौरान तलवार से वार कर पीड़ित के हाथ में चोट पहुंचाई गई। लूटे गए सामान में नकदी के साथ एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज भी बताए गए हैं।


घटना की गंभीरता को देखते हुए झाड़ोल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई। पीड़ितों का मेडिकल करवाकर चोट प्रतिवेदन प्राप्त किया गया तथा गवाहों के बयान दर्ज किए गए।


जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रकरण के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत विश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर लगातार दबिशें दीं।


जांच के दौरान पुलिस ने लूट की वारदात में वांछित ईश्वर पुत्र मोहनलाल, जाति वडेरा, उम्र 18 वर्ष 7 माह, निवासी ढूंढकिया, थाना झाड़ोल, को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे वारदात तथा गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ जारी है।


थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई के अनुसार इस मामले में इससे पहले मुख्य सरगना प्रेम उर्फ प्रेमचंद उर्फ लाईगर पुत्र रामलाल बडगोता, हिरालाल पुत्र नवलराम चव्हाण और दिनेश चव्हाण पुत्र नंदलाल चव्हाण को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी डिटेन कर बाल संप्रेषण गृह उदयपुर में दाखिल कराया गया है।


कार्रवाई में झाड़ोल थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई, सहायक उप निरीक्षक सतीशचंद्र, कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल बालकृष्ण, कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल उमेश कुमार तथा जिला उदयपुर की साइबर सेल टीम की भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की वारदात में शामिल अन्य लोगों तथा लूटे गए सामान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।