माकड़ादेव स्कूल में गूंजा मतदाता जागरूकता का संदेश, सीबीईओ ने विद्यार्थियों को दिलाई लोकतंत्र में भागीदारी की समझ
Total Views : 79
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। झाड़ोल ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माकड़ादेव में मंगलवार को प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों के लिए जागरूकता से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी झाड़ोल मोरध्वज व्यास ने छात्र-छात्राओं को ‘बूथ देखो’ अभियान एवं मतदाता जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व्यास ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व, मतदाता जागरूकता तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाता बेहद आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय का किया संबलन, दिए आवश्यक निर्देश

कार्यक्रम के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का संबलन भी किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही संबंधित स्टाफ को निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, ताकि विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

प्रार्थना सभा में मौजूद रहा पूरा स्टाफ

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता कमलेश चौधरी ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मोरध्वज व्यास का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

माकड़ादेव विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।