एड्स जागरूकता की दौड़ में झाड़ोल कॉलेज के युवाओं ने भरी हुंकार
Total Views : 105
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। युवाओं में जागरूकता की अलख जगाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में स्थानीय जे.आर. शर्मा पीजी महाविद्यालय, झाड़ोल ने सराहनीय पहल करते हुए बुधवार को रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में रेड रन मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया। एड्स के प्रति जागरूकता, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवन के संदेश को लेकर आयोजित इस मैराथन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेकर जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.के. जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है। विद्यार्थियों को स्वयं स्वस्थ रहने के साथ-साथ समाज में एड्स से बचाव, जागरूकता और भ्रांतियों को दूर करने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

मैराथन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जोश के साथ दौड़ लगाई। छात्र वर्ग में कांतिलाल कपाया ने प्रथम, राकेश गरासिया ने द्वितीय तथा शिवलाल मादडा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रा वर्ग में जयश्री खराड़ी प्रथम, आरती कटारा द्वितीय एवं छगनी कटारा तृतीय स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को प्राचार्य डॉ. एम.के. जैन ने मोमेंटो एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में रेड रिबन क्लब प्रथम यूनिट प्रभारी डॉ. भूपेन्द्र मेघवाल ने विद्यार्थियों को एड्स संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा बीमारी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं द्वितीय यूनिट प्रभारी डॉ. अनिता गन्ना ने एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बीमारी से पीड़ित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता ही स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज की मजबूत नींव है।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस आयोजन ने महज एक मैराथन का रूप नहीं लिया, बल्कि युवाओं को स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने वाले अभियान का स्वरूप ले लिया। करीब 60 छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

जे.आर. शर्मा पीजी महाविद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, सामाजिक सरोकार और जनजागरूकता से जोड़ने की दिशा में की गई यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी संदेश बनकर सामने आई।