एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
उदयपुर। मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार से जुड़ी विजयराज कुमारी मेवाड़ का सोमवार देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर से उदयपुर सहित मेवाड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
विजयराज कुमारी की अंतिम यात्रा पूर्व राजपरिवार के आधिकारिक निवास शंभू पैलेस से निकाली गई। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा में पूर्व राजपरिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। बैंड-बाजे के साथ निकली यात्रा के दौरान रास्ते में लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बताया गया कि उदयपुर शहर के समीप करीब 400 वर्ष पुरानी छतरियों के बीच महासतिया में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर मौजूद रहे और अंतिम दर्शन किए।
शिक्षा और समाजसेवा से रहा विशेष जुड़ाव
विजयराज कुमारी मेवाड़ का उदयपुर में शिक्षा एवं परोपकारी गतिविधियों से भी विशेष जुड़ाव रहा। वर्ष 1980 के दशक में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के विकास और उसे व्यवस्थित एवं आधुनिक शैक्षणिक स्वरूप देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनका जन्म 21 दिसंबर 1942 को हुआ था। उनका विवाह स्वर्गीय अरविंद सिंह मेवाड़ से हुआ था। उनके परिवार में लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, भगवती और पद्मजा शामिल हैं। उनकी शिक्षा फ्रांसिस्कन कॉन्वेंट स्कूल, ऊटी में हुई थी।
विजयराज कुमारी के निधन पर मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार से जुड़े लोगों, सामाजिक क्षेत्र के लोगों और आम नागरिकों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
