एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
अगले दिन 396 ग्राम पंचायतों में तय होगा सरपंच-पंच पदों का आरक्षण; पुनर्गठन के बाद 73 पंचायत समितियां
जयपुर। पंचायती राज चुनाव 2026 में किस पंचायत समिति, किस वार्ड और किस प्रधान पद पर कौन-सा आरक्षण होगा, इसकी तस्वीर अब जल्द साफ होगी। कल जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और प्रधान पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। परसों उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंचों के पदों का आरक्षण तय होगा।
जयपुर में जिला परिषद के 57 वार्ड और 43 पंचायत समितियों के 386 वार्ड हैं। जिला परिषद के 57 वार्डों में 10 अनुसूचित जाति, 8 अनुसूचित जनजाति और 10 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होंगे। शेष 29 वार्ड सामान्य श्रेणी में होंगे। इनमें 15 सामान्य और 14 सामान्य महिला वार्ड होंगे।
इसी तरह 22 प्रधान पदों की लॉटरी में 4 एससी, 3 एसटी, 4 ओबीसी और 11 सामान्य पद होंगे। प्रधान पदों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रहेगा।
कल कलेक्ट्रेट में होगी लॉटरी
कल आरक्षण की प्रक्रिया सुबह 10:15 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में होगी। जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और प्रधान पदों के आरक्षण का निर्धारण यहीं किया जाएगा।
इसके बाद परसों सरपंच और वार्ड पंचों के आरक्षण की प्रक्रिया संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर होगी। इस प्रक्रिया के बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत में यह स्पष्ट हो जाएगा कि सरपंच पद किस श्रेणी के लिए आरक्षित है।
पुनर्गठन के बाद 396 ग्राम पंचायतें
पुनर्गठन के बाद जयपुर जिले में पंचायत समितियों की संख्या 72 से बढ़कर 73 हो गई है। रामपुरा डाबड़ी और चौमूं नई पंचायत समितियां बनाई गई हैं।
ग्राम पंचायतों की संख्या भी 390 से बढ़कर 396 हो गई है। रामपुरा डाबड़ी पंचायत समिति के तहत 20 और चौमूं पंचायत समिति के तहत 30 ग्राम पंचायतें हैं। पुनर्गठन के कारण ग्राम पंचायतों के राजनीतिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में भी बदलाव हुआ है।
विराटनगर के क्षेत्र शाहपुरा में शामिल
पुनर्गठन में वर्तमान विराटनगर पंचायत समिति को कोटपूतली में शामिल किया गया है। दस्तावेज में विराटनगर के अंतर्गत चार ग्राम पंचायतें—छापुड़ा खुर्द, छापुड़ा कलां, गोविंदपुरा धाबाई और आसपुरा-नींदर दर्ज हैं। पुनर्गठन की सूची में इन क्षेत्रों को शाहपुरा में शामिल किया गया है।
पंचायत समितिवार ग्राम पंचायतों की संख्या
अधिसूचना में दी गई सूची के अनुसार जमवारामगढ़ में 40, आमेर में 34, फागी में 32, कोटखावदा में 27, तूंगा में 25, बस्सी में 41, दूदू में 25, रामपुरा डाबड़ी में 20, गोविंदगढ़ में 27, चौमूं में 30, जैतपुरा में 2, शाहपुरा में 40 और किशनगढ़ रेनवाल में 27 ग्राम पंचायतें हैं।
इन सभी की कुल संख्या 396 ग्राम पंचायतें है।
कल और परसों होने वाली आरक्षण प्रक्रिया के बाद जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।
