वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026: उदयपुर से जगन्नाथपुरी-कोणार्क के लिए 3 अक्टूबर को रवाना होगी विशेष ट्रेन
Total Views : 67
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

उदयपुर। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत उदयपुर से जगन्नाथपुरी-कोणार्क के लिए विशेष ट्रेन 3 अक्टूबर 2026 को रवाना होगी। यात्रा में उदयपुर संभाग के 780 वरिष्ठ तीर्थयात्री तथा कोटा जिले के 100 यात्री शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 880 यात्री तीर्थ यात्रा पर जाएंगे। सभी यात्रियों को यात्रा पूर्णतः निःशुल्क कराई जाएगी।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन कुमार गांधी के अनुसार उदयपुर संभाग के चयनित यात्रियों की ट्रेन 3 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे उदयपुर के राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। वहीं कोटा जिले के यात्रियों को सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार कराया जाएगा।

यात्रियों को दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

यात्रा के दौरान पहचान एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए चयनित यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, मेडिकल सर्टिफिकेट, मूल जनआधार/आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे।

हर कोच में दो सरकारी कर्मचारी, डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ तैनात

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेन के हर कोच में दो सरकारी कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी भी ट्रेन में मौजूद रहेंगे, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे।

विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए चयनित प्रमुख तीर्थ यात्रियों को दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से यात्रा की सूचना दी है।

7 दिन तक निःशुल्क आवास और भोजन

तीर्थ यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने साथ दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री, जरूरी दवाइयां, व्यक्तिगत जरूरत का सामान, नकदी और कपड़े रखने होंगे। विभाग के अनुसार विशेष ट्रेन में यात्रियों के लिए 7 दिन तक आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।