राष्ट्रपुरुषों का जीवन आज की पीढ़ी के लिए सतत प्रेरणादायी : जीवन मूल्यों के निर्माण का संदेश
Total Views : 84
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, बिछीवाड़ा

गांधी जी एवं शास्त्री जी के प्रेरक जीवन को किया नमन-वंदन

फलासिया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, फलासिया में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर भव्य एवं संदेशपरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर नमन-वंदन के साथ हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक एवं कवि मदन जोशी ‘सार्थक’ ने गांधी जी के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी एक सोच, एक विचार, एक प्रेरणा, एक ऊर्जा और एक शक्ति हैं, जो सदैव सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलते रहे। उन्होंने अनेक मुश्किलों का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी।

उन्होंने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन निडरता, स्वाभिमान और ईमानदारी का संदेश देता है। उनके जीवन मूल्यों से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

अध्यापिका कविता गामठ ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गीत प्रस्तुत कर गांधी जी के सादा जीवन और उच्च विचारों का संदेश दिया। वहीं अनीता जैन ने ‘दे दी हमें आजादी बिना खड़ग बिना ढाल’ गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीश कुमार ने गांधी जी के बचपन से लेकर जीवन पर्यंत किए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक रमेश पटेल, मुकेश पंचोली, राजेश्वर गमार, अश्विन मीणा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। विद्यार्थियों ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया और मनमोहक चित्र बनाए। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने कविता पाठ एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में धारण करने तथा देशहित में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।