एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
उदयपुर, 7 अक्टूबर। पंचायती राज चुनाव-2026 के प्रथम चरण की चुनावी प्रक्रिया गुरुवार, 8 अक्टूबर से शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में उदयपुर जिला प्रशासन ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रथम चरण की अधिसूचना 8 अक्टूबर को जारी होने के साथ ही जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों की 590 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित हैं। प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे, जिसके लिए 826 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ पंचायत समितियां शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम
अधिसूचना: 8 अक्टूबर
नामांकन की अंतिम तिथि: 13 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक
नामांकन पत्रों की संवीक्षा: 14 अक्टूबर
नाम वापसी: 15 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक
चुनाव चिह्न आवंटन: 15 अक्टूबर
जिला परिषद/पंचायत समिति मतदान: 22 अक्टूबर, सुबह 7 से शाम 6 बजे तक
मतगणना: 20 नवंबर
वहीं पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 अक्टूबर से तथा मतदान एवं मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।
निर्वाचन कार्मिकों का प्रशिक्षण भी शुरू
चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम भी जारी किया गया है। रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 एवं 13 अक्टूबर को सुखाड़िया रंगमंच सभागार, नगर निगम में होगा। निर्वाचन प्रक्रिया में लगाए गए कार्मिकों का प्रशिक्षण 14 अक्टूबर से अलग-अलग ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर शुरू होगा।
झाड़ोल एवं फलासिया क्षेत्र के कार्मिकों का प्रशिक्षण 14 से 16 अक्टूबर तक जनार्दन राय नागर विद्यापीठ एवं पंचायत समिति हॉल झाड़ोल में आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया की सैद्धांतिक जानकारी के साथ ईवीएम का हैंड्स-ऑन व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मास्टर ट्रेनरों को भी दिया प्रशिक्षण
बुधवार को जिला परिषद सभागार में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय दक्ष प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. महामायाप्रसाद चौबीसा ने डीएलएमटी एवं बीएलएमटी को निर्वाचन प्रक्रिया और ईवीएम संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया। ये प्रशिक्षक आगामी प्रशिक्षण शिविरों में निर्वाचन कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे।
पंचायती राज चुनाव को लेकर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
