एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
भाजपा मंडल प्रतिनिधि भोपाल सिंह शकावत के नेतृत्व में पहुंचे जनप्रतिनिधि, मंत्री ने उपरणा ओढ़ाकर किया सम्मानित
फलासिया। पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद पंचायत समिति फलासिया क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने बुधवार, 28 अक्टूबर को भाजपा मंडल प्रतिनिधि भोपाल सिंह शकावत के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी से मुलाकात की। इस दौरान पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का उपरणा ओढ़ाकर एवं मुंह मीठा करवाकर सम्मान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान शिशवी के सरपंच मोतीलाल गरासिया, देवड़ावास के सरपंच कमलेश कटारा, आंबीवाड़ा के सरपंच नानालाल पारगी, आंबीवाड़ा के उपसरपंच दीप सिंह झाला, तुमदर के सरपंच सीता देवी, सोम के सरपंच विनोद कुमार पारगी तथा भामटी के सरपंच दिलीप बोदर सहित विभिन्न पंचायतों के वार्ड पंच एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों की आवश्यकता, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहितकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्य करवाने तथा सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य सुविधाओं के विकास के लिए सहयोग का आग्रह किया।
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पंचायत चुनाव के बाद मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएं रखीं। अब जनप्रतिनिधियों के सामने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी रहेगी।
