पेंशनधारियों के लिए जरूरी खबर: जन आधार में आय और मोबाइल नंबर अपडेट करना होगा जरूरी
Total Views : 64
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24 / गजेन्द्र लोहार, बिछीवाड़ा

परिवार की सभी सदस्यों की कुल वार्षिक आय 48 हजार रुपये से कम होना आवश्यक, जन आधार ओटीपी से होगा पेंशन सत्यापन।

राजस्थान। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे बुजुर्गों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांग पेंशनधारियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। नई व्यवस्था के अनुसार पेंशन सत्यापन से पहले आय प्रमाण पत्र बनवाकर जन आधार कार्ड में अपलोड करवाना अनिवार्य होगा।

पेंशन पात्रता के लिए परिवार के सभी सदस्यों की कुल वार्षिक आय 48,000 रुपये से कम होनी चाहिए। ऐसे में परिवार के सभी सदस्यों की आय संबंधी जानकारी जन आधार में अपडेट करवाना उचित रहेगा, ताकि सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए।

वहीं पेंशन सत्यापन के लिए जन आधार ओटीपी का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके लिए जन आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट होना जरूरी है। पेंशनधारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जन आधार में दर्ज मोबाइल नंबर चालू हो और ओटीपी प्राप्त किया जा सके।

सत्यापन की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सेवक दस्तावेजों एवं रिकॉर्ड की जांच करेंगे। इसके बाद पंचायत समिति स्तर पर संबंधित अधिकारी जानकारी का सत्यापन करेंगे।

ऐसे में सभी पेंशनधारी समय रहते परिवार की आय संबंधी जानकारी, आय प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर जन आधार में अपडेट करवा लें, ताकि पेंशन सत्यापन में अनावश्यक देरी या परेशानी से बचा जा सके।