ऊंट पर सवार होकर पंचायत पहुंचे सरपंच दिनेश दामा, पदभार संभालते ही किया जनहित की दो बड़ी घोषणाओं का ऐलान
Total Views : 373
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत सड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच दिनेश दामा का पदभार ग्रहण एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित हुआ। समारोह में आदिवासी संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं की झलक देखने को मिली। इस दौरान नवनिर्वाचित सरपंच दिनेश दामा ऊंट पर सवार होकर पंचायत कार्यालय पहुंचे। उनका यह पारंपरिक अंदाज समारोह में आकर्षण का केंद्र रहा। ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया।


पंचायत कार्यालय पहुंचने के बाद दिनेश दामा ने विधिवत रूप से सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पंचायत के वार्ड पंचों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उपस्थिति रही। पदभार ग्रहण के दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र में शिक्षा, जनकल्याण और सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।


पेंशन आवेदन प्रक्रिया निशुल्क करवाने की घोषणा


पदभार ग्रहण समारोह के दौरान सरपंच दिनेश दामा ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र के पात्र बुजुर्गों, महिलाओं एवं विधवा महिलाओं के पेंशन आवेदन और ऑनलाइन प्रक्रिया में निशुल्क सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने इस प्रक्रिया में लगने वाले खर्च को पंचायत की ओर से वहन करने की बात कही। इस पहल का उद्देश्य पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना बताया गया।


विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी स्थापित करने की मंशा


इस अवसर पर उन्होंने गांव में विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। प्रस्तावित लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं को निशुल्क अध्ययन सुविधा उपलब्ध करवाने की बात कही गई। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल किए जाने की बात सामने आई।


पारंपरिक अंदाज में पंचायत पहुंचे सरपंच


समारोह के दौरान ऊंट पर सवार होकर पंचायत कार्यालय पहुंचने का दृश्य विशेष आकर्षण रहा। आदिवासी अंचल की पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण परिवेश की झलक कार्यक्रम में दिखाई दी। समारोह में आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक सहभागिता का माहौल रहा।


जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति


समारोह में उपसरपंच शंकरलाल वडेरा, वार्ड पंच मन्नालाल वडेरा, जसोदा देवी, सरिता देवी, रणछोड़, मणिलाल एवं नानालाल अहारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम में बीसीसी प्रभारी अरविंद डोडियार, वीसीसी प्रभारी मोहन अहारी, पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी रेखा देवी, उपली सीगरी सरपंच नरेंद्र भगोरा, दमाणा सरपंच विमल अहारी, निचली सिकरी सरपंच दिनेश खराड़ी, कालूलाल हिमात, अशोक दामा, राकेश वडेरा, पुना दास दरागी, सोमराज दामा, लालू हिमात एवं हरीश दरागी सहित क्षेत्र के ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन मोहन अहारी ने किया। समारोह में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण के साथ पंचायत क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।