रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
झाड़ोल उपखण्ड क्षेत्र के बदराणा गांव स्थित हरिहर धाम में भगवान नीलकंठ महादेव का विशेष श्रृंगार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर पुजारी नवीन साँचीहर से मिली जानकारी के अनुसार भगवान शिव का पंचामृत एवं जल से अभिषेक कर पुष्प, बेलपत्र, धतूरा और भस्म से मनोहारी श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव की आराधना की गई, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने हेतु स्थानीय ग्रामीणों एवं युवा मंडल का विशेष सहयोग रहा।
हरिहर धाम में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने बदराणा सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं को एक मंच पर जोड़ते हुए आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
