प्रदेश अध्यक्ष की ‘कार्बन कॉपी’ से विधानसभा में गूंजे ठहाके
Total Views : 87
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

जयपुर। राजधानी की राजनीति में इन दिनों एक दिलचस्प संयोग चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मिलती-जुलती शक्ल-सूरत वाले नरेश कुमार सिंधी इन दिनों सुर्खियों में हैं।

हाल ही में नरेश सिंधी विधानसभा पहुंचे, जहां उनकी डोटासरा से मुलाकात हुई। इस दौरान माहौल हल्का-फुल्का और हास्यपूर्ण हो गया। डोटासरा ने मजाकिया अंदाज में उन्हें अपना “धर्म भाई” बताते हुए कहा कि जहां वे खुद प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाएंगे, वहां नरेश सिंधी को भेजा जा सकता है। इतना सुनते ही वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच ठहाके गूंज उठे।

नरेश कुमार सिंधी मूल रूप से जयपुर के निवासी हैं और पिछले करीब 20 वर्षों से लाडनूं क्षेत्र में रह रहे हैं। पेशे से वे मेडिकल क्षेत्र से जुड़े हैं और साथ ही कैटरिंग व्यवसाय भी संचालित करते हैं। हाल ही में एक शादी समारोह के दौरान उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे कई लोगों ने पहली नजर में डोटासरा का निजी वीडियो समझ लिया।

वायरल वीडियो के बाद नरेश की पहचान तेजी से बढ़ी। वे बताते हैं कि शुरुआत में उन्हें हैरानी हुई, लेकिन अब लोग उन्हें मजाकिया अंदाज में “डोटासरा जी” कहकर पुकारते हैं।

राजनीति के इस अनोखे संयोग ने सोशल मीडिया से लेकर विधानसभा तक चर्चा का माहौल बना दिया है।