रोहीमाला में लाइनमैन की लापरवाही से दुकान में आग, 50–60 हजार का नुकसान
Total Views : 597
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

रोहीमाला झाड़ोल में उदय लाल लोहार की कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार खराब मीटर को बदलवाने के लिए करीब एक साल पहले ही लाइनमैन को पैसे दे दिए थे, लेकिन मीटर नहीं बदला गया, जिससे हादसा हो गया।

आग में दुकान में रखा कपड़ों का कलेक्शन, सिलाई मशीन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। ग्राहकों के सिले हुए करीब 15–20 हजार रुपये के कपड़े भी जल गए। कुल नुकसान लगभग 50–60 हजार रुपये बताया जा रहा है।

गनीमत रही कि दुकान में रखी गैस टंकी खाली थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं लाइनमैन चुन्नीलाल पटेल का कहना है कि मीटर के लिए पैसे करीब 3 महीने पहले दिए गए थे, लेकिन रसीद नहीं कटवाने के कारण मीटर नहीं बदला गया।