1 अप्रैल से शुरू हुआ स्कूलों का नया सत्र, 13 से 15 मई तक होंगे फर्स्ट टेस्ट
Total Views : 135
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

जयपुर।  अप्रेल में आज से स्कूलों का नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हो गया है। शिक्षा विभाग ने नए सत्र का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसमें छुट्टियों, परीक्षाओं और विशेष कार्यक्रमों में कई बदलाव किए गए हैं। इस बार स्कूलों में डिजिटल एजुकेशन, आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास पर विशेष फोकस किया जाएगा।

कैलेंडर के अनुसार इस सत्र में पूरे साल 244 दिन स्कूल खुलेंगे, जबकि 121 दिन अवकाश रहेंगे। इनमें 52 रविवार और 69 अन्य सरकारी छुट्टियां शामिल हैं। जुलाई में सबसे ज्यादा 27 दिन स्कूल चलेंगे, जबकि जून में केवल 7 दिन ही स्कूल खुलेंगे।

13 से 15 मई तक होंगे फर्स्ट टेस्ट

शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार स्कूलों में पहला टेस्ट (फर्स्ट टेस्ट) 13 मई से 15 मई तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं सेकंड टेस्ट 17 से 19 अगस्त के बीच होंगे। इसके बाद अक्टूबर में 15 से 29 अक्टूबर तक हाफ ईयरली परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

सत्र के अंत में फाइनल परीक्षाएं 8 से 20 मार्च तक आयोजित होंगी और 25 मार्च तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

17 मई से शुरू होंगी गर्मी की छुट्टियां

कैलेंडर के अनुसार गर्मी की छुट्टियां 17 मई से 20 जून तक रहेंगी। 21 जून रविवार होने के कारण स्कूल 22 जून से दोबारा खुलेंगे।

दीपावली और सर्दी की छुट्टियां

इस बार दीपावली अवकाश 4 से 15 नवंबर तक रहेगा, जिससे नवंबर में केवल 14 दिन ही स्कूल खुलेंगे। वहीं सर्दी की छुट्टियां 1 से 10 जनवरी तक घोषित की गई हैं।

डिजिटल एजुकेशन पर रहेगा फोकस

नए सत्र में स्कूलों में डिजिटल एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही नो बैग डे, बालसभा और पैरेंट्स-टीचर मीटिंग भी नियमित रूप से आयोजित होंगी।

कई विशेष दिवस भी होंगे आयोजित

कैलेंडर में कई विशेष दिवस भी शामिल किए गए हैं। इनमें 8 सितंबर को टीचर्स डे व विश्व साक्षरता दिवस, 29 अगस्त को खेल दिवस (मेजर ध्यानचंद जयंती) और 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाएगा।

इसके अलावा सितंबर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा और विद्यार्थियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए हर महीने ‘शक्ति दिवस’ के तहत आयरन की गोलियां भी वितरित की जाएंगी।