रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
उदयपुर/ओगणा। उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र के अंबावी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद भड़के पीहर पक्ष ने प्रतिशोध में विवाहिता के पति का अपहरण कर जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पत्नी की मौत के बाद भड़का विवाद
चोखला बारा निवासी पारू (23), पत्नी पिंटू वडेरा, की 24 अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उसे इलाज के लिए उदयपुर के एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां 27 अप्रैल की रात उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही अंबावी निवासी पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए ‘चढ़ोतरा’ कर दिया।
मंगलवार शाम को पीहर पक्ष के 10 से अधिक लोग चोखला बारा पहुंचे और पिंटू के घर में जमकर तोड़फोड़ की।
अपहरण के बाद जंगल में नृशंस हत्या
बुधवार सुबह करीब 9 बजे पारू का भाई करण सागिया अपने साथियों के साथ फिर चोखला बारा पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने पिंटू वडेरा (28) का अपहरण कर उसे अंबावी उपरेटा के जंगलों में ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और शव मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, आरोपी भाग चुके थे।
चार मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। पिंटू के पिता की डेढ़ महीने पहले और मां की एक साल पहले मृत्यु हो चुकी थी। पिंटू ही अपनी 16 व 14 साल की दो बहनों और 5 साल के छोटे भाई का सहारा था। अब उसकी मौत के बाद ये सभी बच्चे और उसकी 3 साल की बेटी बेसहारा हो गए हैं।
मौके पर डटे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंजना सुखवाल, डीएसपी विवेक सिंह राव सहित कई थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात है। दोनों शवों को झाड़ोल उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी करण सागिया और उसके साथियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।
