गोविन्द श्याम मंदिर में लग्न पत्रिका कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, अब होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन
Total Views : 142
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

बिछीवाड़ा। ग्राम बिछीवाड़ा स्थित गोविन्द श्याम मंदिर में ठाकुर श्री गोविन्द श्याम जी भगवान (शालिग्राम जी) एवं तुलसी महारानी के पावन मंगल परिणयोत्सव के तहत लग्न पत्रिका कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर गांव के माता-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गोविन्द श्याम समिति के सदस्य, ग्रामवासी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अनुसार अब आगामी दिनों में धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जो सात दिनों तक चलेगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और संस्कारों का संदेश दिया जाएगा।

इसके साथ ही गणपति स्थापना, मेहंदी एवं हल्दी जैसे पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। आगामी कार्यक्रमों में भगवान की भव्य बिंदोली (नगर भ्रमण) निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।

मुख्य आयोजन के रूप में शुभ लग्न संपन्न होगा, जिसमें ठाकुर जी का दिव्य परिणयोत्सव विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भगवान की बारात का आगमन भी होगा तथा श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।