रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
15 मई को होगा ओबीसी समाज अध्यक्षों का जागरूकता प्रशिक्षण शिविर
उदयपुर। सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट (रजि.) उदयपुर की बैठक 100 फीट रोड स्थित माली कॉलोनी में लोकेश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ओबीसी समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक दिनेश माली ने कहा कि राजस्थान में ओबीसी समाज की आबादी लगभग 60 प्रतिशत के करीब है, लेकिन कई वर्षों से जातिगत जनगणना नहीं होने के कारण समाज को जनसंख्या के अनुपात में लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार राज्य सरकार को शीघ्र ओबीसी की जातिगत जनगणना करवानी चाहिए, ताकि वास्तविक आंकड़ों के आधार पर समाज के उत्थान के लिए योजनाएं बनाई जा सकें। उन्होंने मांग की कि ओबीसी वर्ग के लिए संभाग स्तर पर छात्रावास बनाए जाएं, एसटी-एससी की तर्ज पर छात्रवृत्ति दी जाए तथा ओबीसी प्रमाण पत्र को हर वर्ष नवीनीकरण की आवश्यकता समाप्त की जाए। साथ ही क्रीमी लेयर व्यवस्था हटाने की भी मांग रखी गई।
बैठक में नगर निगम और पंचायती राज चुनावों में ओबीसी समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने तथा टीएसपी क्षेत्र में मंडल आयोग की अनुशंसा के अनुसार 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग भी उठाई गई।
ट्रस्ट के प्रवक्ता नरेश पूर्बिया ने बताया कि सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट द्वारा 15 मई को शाम 5 बजे होटल डी फॉर्चून, 100 फीट रोड, माली कॉलोनी उदयपुर में ओबीसी समाज के अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन संयोजक भेरूलाल कलाल एवं बालकृष्ण सुहालका के निर्देशन में होगा, जबकि मुख्य वक्ता दिनेश बंसल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न समाजों के अध्यक्षों को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए जाएंगे, ताकि वे अपने-अपने समाज में जागरूकता अभियान चला सकें।
बैठक में दिनेश माली, लोकेश चौधरी, रमाकांत सुथार, राजेन्द्र सेन, भेरूलाल भोई, भेरूलाल कलाल, नरेश पूर्बिया सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष बालकृष्ण सुहालका ने आभार व्यक्त किया।
