रिपोर्ट: दिलखुश सालवी, खेरवाड़ा (उदयपुर)
कल्याणपुर | 15 मई - खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. दयाराम परमार ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सोम पिक-अप वियर अमरपुरा के सुदृढ़ीकरण का कार्य तय समय सीमा के भीतर और वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।
डॉ. परमार ने आज उपखण्ड केशरिया जी की उपतहसील कल्याणपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत पण्डयावाडा का दौरा किया। यहाँ उन्होंने सोम पिक-अप वियर अमरपुरा के सुदृढ़ीकरण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर उपस्थित सिंचाई विभाग के सहायक अभियन्ता अनिल पटेल और कनिष्ठ अभियन्ता कुशाल मीणा से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
विधायक ने अभियन्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सुदृढ़ीकरण कार्य में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को पाबंद किया कि वे स्वयं समय-समय पर मौके पर आकर कार्य की निगरानी करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और क्षेत्र के ग्रामीणों को इसका पूर्ण लाभ मिल सके।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डॉ. परमार के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ऋषभदेव के अध्यक्ष रुपलाल मीणा, संगठन महासचिव शांति लाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा के महासचिव मोहन लाल औदिच्य, कांग्रेस पंचायत इकाई अध्यक्ष बाबूलाल, कल्याणपुर सरपंच नाथुराम, उपाध्यक्ष लक्ष्मण, कोदरलाल पहाड़ा, जसवन्त सिंह, मनोहर सिंह, बदनसिंह पहाड़ा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित थे।
