रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल।
ओबीसी समाज के अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं का जागरूकता प्रशिक्षण संपन्न
12 हजार टेम्पलेट वितरित कर गांव-गांव चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
उदयपुर। सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट उदयपुर द्वारा ओबीसी समाज के अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का जागरूकता प्रशिक्षण शिविर होटल दी फॉर्चून, 100 फीट रोड माली कॉलोनी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट रतनलाल गुर्जर ने की। शिविर में समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक सुधार के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
एडवोकेट रतनलाल गुर्जर ने कहा कि ओबीसी समाज की जातिगत जनगणना ओबीसी वर्ग के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज के अध्यक्षों से अपने-अपने समाज में बैठकें आयोजित कर जागरूकता अभियान चलाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान गजट नोटिफिकेशन में दर्ज मूल जाति ही लिखवाई जाए, उपजाति या गोत्र नहीं।
ट्रस्ट अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में जागृति लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। संस्थापक दिनेश माली ने कहा कि ओबीसी समाज आज भी शिक्षा और आर्थिक क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। सरकार को ओबीसी वर्ग के लिए संभाग स्तर पर छात्रावास निर्माण, एसटी-एससी के समान छात्रवृत्ति, टीएसपी क्षेत्र में 27 प्रतिशत आरक्षण तथा क्रीमी लेयर जैसे प्रावधान समाप्त करने जैसे कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि ओबीसी प्रमाण पत्र बार-बार बनवाने की प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बनती है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार जातिगत जनगणना कराकर नगर निगम एवं पंचायतीराज चुनावों में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साथ ही महिला आरक्षण में 33 प्रतिशत ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण दिया जाए।
मोटिवेशनल स्पीकर नवनीत नागर ने कहा कि ओबीसी जागरूकता अभियान में सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने घोषणा की कि 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले ओबीसी विद्यार्थियों को चिंतामणि कोचिंग द्वारा निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
डॉ. दिनेश बंसल ने कहा कि जानकारी के अभाव में लोग कई बार अपने हितों का ही विरोध कर बैठते हैं, इसलिए समाज में जागरूकता आवश्यक है। जगदीश पूर्बिया ने पूर्बिया कलाल समाज का नाम ओबीसी सूची में नहीं होने से प्रमाण पत्र बनाने में आने वाली समस्याओं को उठाया। वहीं भेरूलाल कलाल ने मकान गणना प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रवक्ता नरेश पूर्बिया ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को समाज में वितरित करने के लिए टेम्पलेट दिए गए हैं तथा 12 हजार पेम्पलेट वितरित कर युवाओं को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में जगदीश पूर्बिया और चुन्नीलाल पूर्बिया ने ओबीसी महापंचायत की सदस्यता भी ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान भेरूलाल भोई द्वारा भोजन की बर्बादी रोकने के लिए चलाई जा रही मुहिम “थाली में भोजन जितना ही लें, नहीं जाए नाली में” की सभी ने सराहना की। समाज में भोजन की बर्बादी रोकने हेतु जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर महासचिव सूर्यप्रकाश सुहालका, सचिव किसन राव, भेरूलाल भोई, बालकृष्ण सुहालका, महिला प्रदेशाध्यक्ष मणी बेन पटेल, शर्मिला माली, पूजा टेलर, अर्चना भाटी सहित कई समाजजन उपस्थित रहे।
