रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल।
उदयपुर। राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन, उदयपुर शहर द्वारा जिला अध्यक्ष प्रवीण चरपोटा के नेतृत्व में आरएनटी (RNT) मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से चिकित्सालयों में कार्यरत नर्सेज की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया गया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया ने बताया कि आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध विभिन्न चिकित्सालयों में नर्सेज को कई गंभीर व्यावहारिक और वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है।
ज्ञापन में उठाई गईं मुख्य मांगें और समस्याएं:
फिक्सेशन में देरी से आर्थिक नुकसान: चिकित्सालयों में कार्यरत नर्सेज का 9, 18 और 27 वर्ष का फिक्सेशन पिछले 3 वर्षों से अटका हुआ है। फिक्सेशन न होने के कारण नर्सेज को लगातार आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।
गैर-नर्सिंग कार्यों पर रोक: नर्सेज को मरीजों की देखभाल के अलावा अन्य प्रशासनिक व गैर-नर्सिंग कार्यों में लगा रखा है, जिससे मरीजों की नर्सिंग सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। एसोसिएशन ने मांग की है कि नर्सेज को केवल वार्डों में मरीजों की सेवा के लिए ही तैनात किया जाए।
ब्लड बैंक से ब्लड लाने की व्यवस्था में सुधार: वर्तमान में ब्लड बैंक से मरीजों का रक्त लाने के लिए नर्सिंग ऑफिसर्स को पाबंद किया हुआ है। कई वार्डों में शाम और रात की शिफ्ट में एक ही नर्सिंग ऑफिसर ड्यूटी पर होता है। ऐसे में ब्लड लेने जाते समय मरीजों को वार्ड में अकेला छोड़ना जोखिम भरा और अनुचित है। मांग की गई है कि ब्लड लाने के लिए अतिरिक्त लैब अटेंडेंट (LA) लगाए जाएं।
आवासों की कमी: नर्सिंग स्टाफ के अनुपात में सरकारी आवासों की संख्या बेहद कम है। एसोसिएशन ने बड़ी हॉस्पिटल के खाली पड़े परिसर में नए आवास बनाने की मांग रखी।
क्रैश रूम की स्थापना: छोटे बच्चों वाली महिला नर्सिंग ऑफिसर्स की सुविधा के लिए चिकित्सालय में एक 'क्रैश रूम' (शिशु गृह) बनवाया जाए, ताकि वे अपने बच्चों को दूध पिला सकें।
प्रधानाचार्य का सकारात्मक रुख: जल्द बनेगी बात
ज्ञापन मिलने के बाद प्रधानाचार्य डॉ. राहुल जैन ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ सकारात्मक वार्ता की। उन्होंने नर्सेज की समस्याओं को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि इनका शीघ्र ही समाधान खोजा जाएगा।
"नर्सेज की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। आवास निर्माण के लिए विस्तृत प्रस्ताव बनाकर जल्द ही राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसके साथ ही, महिला नर्सिंग कर्मियों की सुविधा के लिए चिकित्सालय में अतिशीघ्र क्रैश रूम (शिशु गृह) बनवाया जाएगा।"
– डॉ. राहुल जैन, प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक, आरएनटी मेडिकल कॉलेज
वार्ता में ये रहे उपस्थित:
इस महत्वपूर्ण वार्ता और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष प्रवीण चरपोटा, संरक्षक सत्यवीर सिंह तंवर, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रमेश मीणा, संभागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया तथा ओमप्रकाश मीणा सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
