दो वर्षों से घर के आसपास घूम रहा था साँप, कमरे में घुसने पर मचा हड़कंप स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट प्रकाश लोहार ने सुरक्षित रेस्क्यू कर परिवार को दिलाई राहत
Total Views : 195
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - पवन लौहार, (फलासिया)

झाड़ोल उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिरोठी के गांव अटवाल में एक परिवार पिछले करीब दो वर्षों से साँप के डर के साये में जीवन जी रहा था। जानकारी के अनुसार अटवाल निवासी मदन मेघवाल एवं कैलाश मेघवाल पिता प्यारचंद मेघवाल के घर के आंगन और बाहर की तरफ एक साँप लगातार दिखाई देता था। कई बार अचानक नजर आने के बाद वह बिना किसी को नुकसान पहुँचाए चुपचाप निकल जाता था।

परिवार के सदस्यों के मन में हमेशा भय बना रहता था, लेकिन उन्होंने कभी भी साँप को नुकसान नहीं पहुँचाया और उसे देवी-देवताओं का रूप मानकर सुरक्षित रहने दिया। इस दौरान कई बार उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश भी की गई, लेकिन हर बार साँप बचकर निकल गया।

समय के साथ परिवार की चिंता बढ़ती गई कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए। आखिरकार जब साँप घर के कमरे में घुस गया तो परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद झाड़ोल के समाजसेवी एवं स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट प्रकाश लोहार को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही प्रकाश लोहार मौके पर पहुँचे और काफी सावधानी व मेहनत से सुरक्षित तरीके से साँप का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद साँप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। सफल रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और प्रकाश लोहार का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि यदि घर, खेत या आसपास कहीं साँप दिखाई दे तो घबराएँ नहीं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट प्रकाश लोहार झाड़ोल को सूचना दें। थोड़ी सी समझदारी इंसान और बेजुबान जीव दोनों की जान बचा सकती है।