रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल
झाड़ोल। श्री महात्मा गाँधी विद्यालय झाड़ोल में सोमवार को 17 मई से प्रारंभ हुए पंद्रह दिवसीय ग्रीष्मकालीन अभिरुचि शिविर के तहत कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में बच्चों को कलात्मकता के अंतर्गत पेंटिंग, पोस्टर निर्माण, ड्राइंग, पहेलियां, बेसिक डिजिटल साक्षरता, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर, रचनात्मकता, समस्या समाधान एवं विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही प्राणायाम एवं योगा के माध्यम से स्वास्थ्य एवं मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिविर का अवलोकन झाड़ोल के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मोरध्वज व्यास एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पूनमचन्द्र प्रजापत द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए इस प्रकार के शिविरों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर पीएम श्री अभिरुचि शिविर प्रभारी नरेन्द्र कुमार मेहता सहित शिक्षक मुकेश खराड़ी, कानाराम एवं सुरेश पटेल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नई तकनीकों एवं रचनात्मक गतिविधियों को सीखा।
