भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया जल पूजन, सीबिया तालाब पर गूंजा जल संरक्षण का संदेश
Total Views : 70
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

झाड़ोल। राजस्थान सरकार के “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के तहत पंचायत समिति झाड़ोल की ग्राम पंचायत माकड़ादेव स्थित सीबिया तालाब पर सोमवार को जल पूजन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए जल, जंगल और जमीन बचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी कपिल कुमार कोठारी ने की। इस अवसर पर भाजपा देहात जिला प्रवक्ता नीलम राज पुरोहित ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन को मानव जीवन का आधार बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।

समारोह को भाजपा मंडल अध्यक्ष शंकर लाल गायरी, विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत तथा एसटी मोर्चा जिला मंत्री बंशी लाल वडेरा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला सामाजिक आंदोलन है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा निकालते हुए मंगल गीत गाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा। सीबिया तालाब पर जल पूजन एवं गंगा आरती भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष लाल सिंह राणावत, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष धीरज पूर्बिया, मंडल महामंत्री निर्मल दर्जी, माकड़ादेव सरपंच लीला भजात, झाला राम, शांति लाल, केशू महाराज, चेतन दास, कउआ लाल, प्यारे लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

NP NEWS 24 – सच का सारथी