रिपोर्ट - NP NEWS 24 - (डेस्क)
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड के पास सांवलियाजी दर्शन के लिए जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह उस समय हुआ जब बस तेज गति में हाईवे से गुजर रही थी। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ने से बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई दी।
सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 4 से 5 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
