एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
फलासिया: ग्राम पंचायत बिछीवाड़ा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024 से 2026 तक स्वीकृत आवासों में से 13 आवासों का निर्माण कार्य अब तक अधूरा रहने पर पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से निर्माण कार्य लंबित रहने और कई बार मौखिक रूप से समझाइश देने के बावजूद प्रगति नहीं होने पर संबंधित लाभार्थियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
ग्राम विकास अधिकारी भैरुलाल मेघवाल, ग्राम पंचायत एलडिसी से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए चरणबद्ध तरीके से राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई थी। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, लेकिन कई मामलों में किस्त राशि जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण नहीं हो पाया।
ग्राम पंचायत द्वारा जारी नोटिस में लाभार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने आवास निर्माण कार्य को पूर्ण कर पंचायत को सूचित करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना के तहत दी गई राशि का उपयोग आवास निर्माण के लिए किया जाना अनिवार्य है और कार्य में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
पंचायत प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही योजना की राशि की वसूली सहित अन्य प्रशासनिक कदम भी उठाए जा सकते हैं।
ग्राम पंचायत प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा है कि वे योजना का लाभ सही तरीके से लेते हुए जल्द से जल्द अपने आवास निर्माण कार्य को पूरा करवाएं, ताकि योजना का उद्देश्य सफल हो और पात्र परिवारों को समय पर पक्के आवास की सुविधा मिल सके।
