विश्व पर्यावरण दिवस पर सेवा और जागरूकता का संदेश: नाश्ता वितरण व नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
Total Views : 50
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

उदयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को लेकर उदयपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उदयपुर के तत्वावधान में एमबी चिकित्सालय परिसर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर गरीब मरीजों एवं उनके परिजनों को लगभग एक हजार नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए। इस सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के सम्भागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया, राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष शर्मिला माली, जिला अध्यक्ष शाहीन बानो सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सम्भागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और प्लास्टिक कचरे से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्लास्टिक के उपयोग को कम करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार कर कपड़े एवं जूट के थैलों, स्टील के चम्मच, कांटे और अन्य पर्यावरण-अनुकूल वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह प्रकृति संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करे।

विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अंतर्गत राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन द्वारा फतहसागर की पाल पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष शर्मिला माली एवं जिला अध्यक्ष शाहीन बानो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, जल एवं वायु प्रदूषण की चुनौतियों तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि समय रहते प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका दुष्प्रभाव मानव जीवन, वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों पर गंभीर रूप से पड़ेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा हरित और स्वच्छ उदयपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने समाज को सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा प्रदान की।