NP NEWS 24 की खबर का असर: 18 माह से बंद हेडपम्प हुआ शुरू, ग्रामीणों के चेहरे खिले
Total Views : 107
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - गजेन्द्र मालवीय, बिछिवाड़ा

झाड़ोल। पत्रकारिता जब जनसेवा बन जाए तो उसका असर भी दिखता है। कुछ ऐसा ही हुआ पंचायत समिति झाड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खाखड़ के नयागांव मेघवाल मोहल्ला में — जहाँ पिछले करीब 18 महीनों से बंद पड़े हेडपम्प को आखिरकार चालू कर दिया गया। यह संभव हुआ NP NEWS 24 की सक्रिय पत्रकारिता से, जिसने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया और विभाग को हरकत में आने पर मजबूर किया।

18 माह से था पेयजल संकट

मोहल्ले के ग्रामीण डेढ़ साल से भी अधिक समय से पानी की किल्लत झेल रहे थे। भीषण गर्मी में जब हर बूँद पानी अनमोल हो जाती है, तब हेडपम्प का बंद रहना किसी त्रासदी से कम नहीं था। महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दराज से पानी ढोना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग से गुहार लगाई, शिकायतें कीं — लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी।

NP NEWS 24 ने उठाई आवाज, विभाग जागा

जब आम आदमी की फरियाद अनसुनी रही, तब NP NEWS 24 के "फोटो डालो, समस्या उठाओ" अभियान ने इस पीड़ा को आवाज दी। खबर प्रकाशित होते ही मामला चर्चा में आ गया और संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेना पड़ा। देर न करते हुए विभाग ने हेडपम्प की मरम्मत करवाई और उसे पुनः चालू कर दिया।

ग्रामीणों में खुशी की लहर

हेडपम्प शुरू होते ही मोहल्ले में खुशी का माहौल छा गया। अब घर के नजदीक ही स्वच्छ पेयजल मिलने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने समस्या के त्वरित समाधान पर संबंधित विभाग के साथ-साथ NP NEWS 24 का हृदय से आभार जताया और कहा कि यह अभियान वास्तव में आम जनता की आवाज बन गया है।