चार दिन से अंधेरे में 12 परिवार, जला ट्रांसफार्मर नहीं बदला भीषण गर्मी में बिजली-पानी का संकट गहराया, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Total Views : 13
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - पवन लौहार, फलासिया

ग्राम पंचायत अटाटिया के पंडरियावास गांव में ट्रांसफार्मर जलने से करीब 12 परिवार पिछले चार दिनों से अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। 1 जून को ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद बिजली निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गुल होने से भीषण गर्मी के बीच घरों में पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक उपकरण बंद पड़े हैं। इसका सबसे अधिक असर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है। रात के समय अंधेरे के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण रतन सिंह, भोपाल सिंह, जालम सिंह, मेघराज, गिरवर सिंह, हीर सिंह, किस्मत सिंह, दाखु बाई एवं सूरजमल सहित अन्य प्रभावित परिवारों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो नया ट्रांसफार्मर लगाया गया और न ही बिजली बहाल करने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई।

बिजली आपूर्ति बंद होने से गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। मोटरें नहीं चल पाने के कारण पानी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि रात के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध नहीं है।

ग्रामीणों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं बिजली निगम के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।