अधूरे हाईवे पर टोल वसूली के खिलाफ उठी आवाज, गहलोत ने लिया संज्ञान
Total Views : 1,368
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

झाड़ोल के अधिवक्ता की मांग पर कलेक्टर उदयपुर को भेजा कार्रवाई हेतु पत्र

झाड़ोल। उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे-58 के अधूरे निर्माण कार्य और इसके बावजूद वसूले जा रहे टोल टैक्स का मामला अब राजनीतिक स्तर पर गरमा गया है। झाड़ोल निवासी एवं अधिवक्ता सुनील कुमार भजात द्वारा उठाई गई मांग पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर उदयपुर को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

गहलोत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्हें 18 मई 2026 को प्राप्त पत्र में उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे-58 के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा कार्य पूर्ण होने तक टोल टैक्स बंद करवाने का अनुरोध किया गया था। इस संबंध में उन्होंने पत्र को कार्रवाई हेतु जिला कलेक्टर उदयपुर को अग्रेषित कर दिया है।

जनता को मिल सकती है बड़ी राहत

लंबे समय से हाईवे पर अधूरे निर्माण, टूटी सड़कों और यातायात समस्याओं के बावजूद टोल वसूली को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी बनी हुई है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा मामले को जिला प्रशासन तक पहुंचाने के बाद लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस निर्णय हो सकता है।