NP NEWS 24 का खबर का असर: 2 साल और 3 माह से बंद दोनों हेडपंप हुए चालू!
Total Views : 254
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

"फोटो डालो, समस्या उठाओ" अभियान ने जगाया प्रशासन, 65 परिवारों को मिली बड़ी राहत

फलासिया | जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले NP NEWS 24 के "फोटो डालो, समस्या उठाओ" अभियान ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित कर दी है। फलासिया क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर प्रकाशित खबर का ऐसा असर हुआ कि वर्षों से बंद पड़े दोनों सार्वजनिक हेडपंप आखिरकार चालू कर दिए गए।

ग्राम पंचायत गरणवास के भामटी हाईवे बाईपास चौराहे पर पिछले तीन माह से खराब पड़ा हेडपंप हो या ग्राम पंचायत देवडावास के शिशवी गांव का दो वर्षों से बंद पड़ा एकमात्र सार्वजनिक हेडपंप—दोनों जगह अब फिर से पानी की धार बहने लगी है।

खबर बनी तो जागा प्रशासन

NP NEWS 24 ने हाल ही में "पेयजल व्यवस्था हुई ध्वस्त: 2 साल से बंद हेडपंप, 50 परिवार प्यासे" शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर ग्रामीणों की पीड़ा को प्रशासन तक पहुंचाया था। खबर में बताया गया था कि शिशवी गांव के करीब 50 परिवार और भामटी बाईपास के 15 परिवार भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।

खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। संबंधित विभाग ने मौके पर टीम भेजकर पहले शिशवी गांव के दो साल से बंद पड़े हेडपंप को दुरुस्त किया और उसके बाद भामटी बाईपास के तीन माह से खराब पड़े हेडपंप को भी चालू कर दिया।

ग्रामीणों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

दोनों हेडपंप चालू होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय बाद पानी मिलने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को राहत मिली है। ग्रामीणों ने NP NEWS 24 का आभार जताते हुए कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, लेकिन मीडिया ने उनकी आवाज को मजबूती से उठाया तो प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।

65 परिवारों को मिली राहत

शिशवी गांव के लगभग 50 परिवार और भामटी बाईपास क्षेत्र के करीब 15 परिवार अब पेयजल संकट से मुक्त हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल हेडपंप की मरम्मत नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की सबसे बड़ी समस्या का समाधान है।

जनता की आवाज बनेगा NP NEWS 24

"फोटो डालो, समस्या उठाओ" अभियान का उद्देश्य सिर्फ खबर प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान करवाना है। NP NEWS 24 आगे भी जनता की आवाज बनकर हर उस मुद्दे को उठाता रहेगा, जो प्रशासन की अनदेखी का शिकार है।

आप भी जुड़ें इस मुहिम से — समस्या की फोटो भेजें, NP NEWS 24 आपकी आवाज बनेगा।