एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
फलासिया/आमीवाड़ा। ग्राम पंचायत आमीवाड़ा में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें 22 विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लेकर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया। शिविर का शुभारंभ विकास अधिकारी प्रताप सिंह मीणा के निर्देशन में हुआ। सहायक विकास अधिकारी धर्मपाल सिंह चौधरी ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को 2 पेंशन आवेदन प्राप्त हुए, जबकि रसद विभाग ने 10 ई-केवाईसी की। राजस्थान परिवहन निगम को 13 आवेदन मिले तथा विद्युत विभाग ने 5 मामलों का निस्तारण किया। राजस्व विभाग ने नामांतरण, विरासत, सीमाज्ञानकारी एवं अन्य मामलों सहित कुल 10 प्रकरणों का निपटारा किया। महिला अधिकारिता विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना के 2 आवेदन प्राप्त हुए।
चिकित्सा विभाग ने एएनएल पंजीयन, टीकाकरण, एचआईवी जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान कीं। पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 50 बीमा पॉलिसियों का वितरण किया तथा 12 नए पंजीयन किए। विभाग द्वारा 59 बड़े और 102 छोटे पशुओं का उपचार भी किया गया।
कृषि विभाग ने मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2026-27 के तहत जनजाति क्षेत्र के 270 किसानों को संकर मक्का बीज मिनीकिट वितरित किए। वहीं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत दो लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर लाभार्थियों को प्रथम किस्त स्वीकृत की गई।
पंचायत विभाग ने बंद पड़े एक पीपीओ नंबर को पुनः चालू कराया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल गुणवत्ता जांच, मरम्मत कार्य और शिकायतों का निस्तारण किया। ग्रामीण विकास विभाग ने तीन आवास किस्तें जारी कराईं, तीन शौचालय स्वीकृत किए तथा पांच जनाधार कार्ड अपडेट किए।
शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष भैरूलाल प्रजापत, विधानसभा प्रभारी मुकेश माली, पूर्व मंडल अध्यक्ष भोपाल सिंह शक्तावत, जिला परिषद सदस्य धूलाराम भगोरा, सरपंच लक्ष्मी देवी, उपसरपंच दीप सिंह झाला, समाजसेवी नानालाल पारगी, संस्थापन प्रभारी गोपाल लोहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
