प्रधानमंत्री आवास योजना - ग्रामीण सूची में नाम नहीं? घबराएं नहीं, ऐसे दर्ज कराएं आपत्ति
Total Views : 415
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

29 जून की विशेष ग्राम सभा में मिलेगा दावा-आपत्ति का मौका, पात्र परिवारों को मिलेगा न्याय

झाड़ोल। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत तैयार की गई लाभार्थी प्राथमिकता सूची में यदि किसी पात्र परिवार का नाम शामिल नहीं हुआ है, तो अब उसे चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने ऐसे परिवारों को अपना पक्ष रखने और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया है।

29 जून 2026 को सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा में आवास प्लस-2024 सर्वे के आधार पर तैयार प्राथमिकता सूची का सार्वजनिक अवलोकन कराया जाएगा। यदि कोई पात्र व्यक्ति सूची से वंचित रह गया है या सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह ग्राम सभा में लिखित दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकेगा।

ग्राम सभा द्वारा दावों और आपत्तियों पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा। यदि आवेदक ग्राम सभा के निर्णय से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह 7 दिनों के भीतर संबंधित जिला कलेक्टर के समक्ष अपील भी कर सकता है।

प्रशासन ने सभी आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों से अपील की है कि वे 29 जून को अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सूची का अवलोकन करें और आवश्यकता होने पर समय पर दावा-आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।