रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने 'वीबी जी राम' योजना का किया ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ, बीड़ा में हुआ भूमि पूजन व वृक्षारोपण
झाड़ोल। केंद्र सरकार की नवप्रवर्तित एवं महत्वाकांक्षी 'वीबी जी राम' योजना का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ गुरुवार को पंचायत समिति झाड़ोल की ग्राम पंचायत झाड़ोल के राजस्व गांव बीड़ा में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति ने इसे विकास के संकल्प का प्रतीक बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे गांवों का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
ग्राम विकास अधिकारी ज्ञानेश्वर मेघवाल ने बताया कि योजना के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भंवर सिंह पवार तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष शंकरलाल गायरी ने विकसित भारत एवं वीबी जी राम योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, समय पर मजदूरी का भुगतान तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही विकसित ग्राम की अवधारणा के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं का समन्वय कर गांवों को आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बीड़ा परिसर में चारागाह विकास कार्य का भूमि पूजन तथा वृहद वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत झाड़ोल की प्रशासक आशा देवी वडेरा, विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत, भाजपा जिला मंत्री संजय मेहता, एसटी मोर्चा जिला मंत्री बंशीलाल वडेरा, मंडल उपाध्यक्ष लाल सिंह राणावत, किसान मोर्चा अध्यक्ष देवीलाल गायरी, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजू निमावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष धीरज पूर्बिया, वार्ड पंच रवि गायरी, मंडल महामंत्री राजेंद्र सिंह झाला, ओगणा मंडल महामंत्री मांगीलाल, पूनमचंद डुंगरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अतिरिक्त विकास अधिकारी रिपुसूदन सिंह ने किया। पूरे आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। योजना के शुभारंभ को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया तथा इसे ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
