उदयपुर के देवास में खूनी बवाल: 'डाकन' बताकर बुजुर्ग महिला को घसीटा, बीच-बचाव करने आए दो लोगों के पेट-सीने में घोंपी गुप्ती
Total Views : 880
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - पवन लौहार

आपसी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, गंभीर घायल उदयपुर रेफर; झाड़ोल पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच


झाड़ोल (उदयपुर)।

उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र के देवास गांव में आपसी रंजिश ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पहले एक बुजुर्ग महिला को कथित रूप से 'डाकन' बताकर चोटी पकड़ आधा किलोमीटर तक घसीटने और लज्जा भंग करने का आरोप लगा, वहीं अगले दिन विवाद का कारण पूछने पहुंचे लोगों पर धारदार गुप्ती से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।

झाड़ोल थानाधिकारी फैलीराम मीणा ने बताया कि देवास गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और विवाद हुआ है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

'डाकन' कहकर बुजुर्ग महिला को घसीटने का आरोप

थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी बलवीर सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि आरोपी पर्वत सिंह उनके घर में घुस आया और उनकी बुजुर्ग दादी लेहरी बाई को 'डाकन' कहकर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने महिला की चोटी पकड़कर मारपीट की, जमीन पर गिराया और करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए, जिससे उनकी लज्जा भंग हुई। साथ ही जान से मारने और वाहन जलाने की धमकी भी दी।

बीच-बचाव करने वालों पर जानलेवा हमला

रविवार दोपहर जब पीड़ित पक्ष आरोपी से विवाद का कारण पूछने उसके ठिकाने पर पहुंचा तो फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पर्वत सिंह गेती लेकर और उसका बेटा यशपाल सिंह धारदार गुप्ती लेकर बाहर आया। विवाद बढ़ता देख बीच-बचाव करने पहुंचे नरेंद्र सिंह और लालसिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। नरेंद्र सिंह के पेट और लालसिंह के सीने में गुप्ती घुसने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

गंभीर घायलों को उदयपुर रेफर

घायलों को तत्काल झाड़ोल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

झाड़ोल थाना पुलिस ने बलवीर सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी पर्वत सिंह और यशपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 74, 333, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई रमेश कुमार को सौंपी गई है और आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।