फलासिया में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने की कवायद तेज, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयासों से जगी उम्मीद
Total Views : 86
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र को मिली शिक्षा क्षेत्र की ऐतिहासिक सौगात, अब आदिवासी अंचल के बच्चे भी पाएंगे हाईटेक आवासीय शिक्षा

झाड़ोल/फलासिया। उदयपुर जिले के आदिवासी बाहुल्य झाड़ोल-फलासिया क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा जगत से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से बेहतर एवं आधुनिक शिक्षा सुविधाओं की राह देख रहे ग्रामीण अंचल के बच्चों को जल्द ही पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी राष्ट्रीय स्तर की आवासीय शिक्षा सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र में नवीन जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने की मांग लंबे समय से ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों द्वारा उठाई जा रही थी। इस मांग को उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने केंद्र सरकार तक पहुंचाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर क्षेत्र की आवश्यकता से अवगत कराया था।

सांसद ने अपने पत्र में बताया कि उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के कई आदिवासी एवं दूरस्थ इलाकों में शिक्षा के बेहतर संसाधनों की कमी है। झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र का फलासिया इलाका जनजाति बाहुल्य होने के साथ पहाड़ी एवं ग्रामीण क्षेत्र है। यहां कई परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं, ऐसे में प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आवासीय नवोदय विद्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

ग्रामीण बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खुलने से फलासिया, झाड़ोल सहित आसपास के दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा। विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आवास, भोजन, खेलकूद, डिजिटल शिक्षा और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली बच्चे संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते हैं। ऐसे में नवोदय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया होगी आगे

केंद्र स्तर पर मांग को गंभीरता से लिए जाने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर विद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने सहित आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद विद्यालय निर्माण का रास्ता साफ होगा।

क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी

फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र के लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय खुलना केवल एक विद्यालय की स्थापना नहीं बल्कि आदिवासी क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को संवारने वाला कदम साबित होगा।

लोगों का कहना है कि आने वाले समय में इस विद्यालय से गांव-ढाणी के बच्चे भी उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त कर प्रशासनिक, तकनीकी एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे।