रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल। पंचायत समिति झाड़ोल की ग्राम पंचायत गोरण में मंगलवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर संवेदनशील प्रशासन, त्वरित निर्णय और प्रभावी राजस्व सेवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर प्रभारी तहसीलदार सीताराम बोरीवाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने वर्षों से लंबित राजस्व रिकॉर्ड की अशुद्धियों का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की। शिविर में लिए गए त्वरित निर्णयों ने ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत किया।
शिविर के दौरान राजस्व ग्राम गोरण में तहसीलदार सीताराम बोरीवाल, भू-अभिलेख निरीक्षक मनी निनामा तथा पटवारी इंदिरा दामा ने राजस्व अभिलेखों की गहन जांच कर लंबे समय से चली आ रही नाम संबंधी त्रुटियों का तत्काल निस्तारण किया। अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन कर रिकॉर्ड में दर्ज गलत नामों को मौके पर ही संशोधित कर सही प्रविष्टियां दर्ज कराईं।
इस दौरान गंभीर सिंह पुत्र करण सिंह के स्थान पर राजस्व रिकॉर्ड में गलत दर्ज नाम गमेर सिंह पुत्र करण सिंह को विधिवत सही किया गया। इसी प्रकार गोपाल पुत्र जालमा के स्थान पर सही नाम भोपाल पुत्र जालमा दर्ज कर वर्षों पुरानी त्रुटि को समाप्त किया गया। रिकॉर्ड में सुधार होने से संबंधित किसानों को भविष्य में नामांतरण, ऋण, फसल बीमा, सरकारी योजनाओं तथा अन्य राजस्व कार्यों में आने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
तहसीलदार सीताराम बोरीवाल ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और मौके पर समाधान करना है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाए।
ग्रामीणों ने शिविर में मिली त्वरित राहत पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटियां कुछ ही समय में दूर होना प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही का प्रमाण है। उन्होंने तहसीलदार सीताराम बोरीवाल एवं राजस्व विभाग की पूरी टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर सुशासन की भावना को मजबूत करने के साथ आमजन का सरकार पर विश्वास भी बढ़ाते हैं।
