एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
पंचायतीराज चुनाव 2026 : चुनावी तैयारियों के बीच आयोग ने दिए निर्देश, सर्वे कार्य समय पर पूरा करने पर जोर
जयपुर/उदयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज होती नजर आ रही हैं। राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) आयोग द्वारा पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से संबंधित आवश्यक आंकड़े जुटाने एवं सर्वे कार्य को निर्धारित समय में पूरा करवाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आयोग की ओर से राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग के पिछड़ेपन की स्थिति एवं स्थानीय निकायों तथा पंचायत राज संस्थाओं में राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े आंकड़ों को संकलित करने के लिए सर्वे करवाया जा रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी, सर्वे कार्यकर्ता एवं प्रगणकों को जिम्मेदारी दी गई है।
जानकारी के अनुसार सर्वे कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के बाद फील्ड स्तर पर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा में सर्वे कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि आगामी पंचायत चुनावों की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर जताई चिंता
आयोग ने पत्र में बताया कि वर्तमान समय में राज्य सरकार द्वारा स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाए जाने के बाद विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं। ऐसे में सर्वे कार्य में नियुक्त कर्मचारियों के स्थानांतरण से कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
इसी को देखते हुए आयोग ने संबंधित विभागों एवं जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि सर्वे कार्य पूर्ण होने तक नियुक्त नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी, सर्वे कर्मियों एवं प्रगणकों को यथावत रखा जाए ताकि समय पर कार्य पूरा हो सके।
चुनाव की राह होगी साफ
पंचायत चुनावों से पहले आरक्षण निर्धारण सहित कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनावी हलचल धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। ग्राम पंचायतों से लेकर पंचायत समिति एवं जिला परिषद स्तर तक संभावित दावेदार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
