रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
"एक पेड़ मां के नाम" संदेश के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
झाड़ोल। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, झाड़ोल में गुरुवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर जोशी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उपप्रधानाचार्य पदम प्रकाश जैन ने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाजसेवी रमेश जोशी ने पौधारोपण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक सुशील जैन, रेवाशंकर मेघवाल, लक्ष्मीचंद, भानु जैन, रेखा मेघवाल, गीता नागदा, दीपिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सौंपी गई। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।
