हाथों-हाथ पेंशन का PPO मिला तो भेरा के चेहरे पर लौटी मुस्कान, बोले – “साहब, इतनी जल्दी मेरी पेंशन हो गई”
Total Views : 15
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

ग्रामीण सेवा शिविर खरड़िया में 22 विभागों ने मौके पर किया समाधान, नला बड़ा में राशन सेंटर खोलने की ग्रामीणों ने उठाई मांग

झाड़ोल। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत खरड़िया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राहत लेकर आया। शिविर में वर्षों से सरकारी योजनाओं के लाभ की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। सबसे खास पल उस समय देखने को मिला जब भेरा पिता सवा जाबला को हाथों-हाथ पेंशन स्वीकृति का PPO मिला। पेंशन स्वीकृति की जानकारी मिलते ही भेरा के चेहरे पर खुशी झलक उठी और उन्होंने भावुक होकर कहा कि “साहब, मेरी पेंशन इतनी जल्दी हो जाएगी, सोचा नहीं था।”

शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार सत्यनारायण डामोर एवं सह प्रभारी सहायक विकास अधिकारी बाबूलाल महरिया के निर्देशन में आयोजित शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक न्याय, खाद्य सुरक्षा सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर में 12 नामांतरण, 2 बंटवाड़ा प्रकरण, 4 नवीन पेंशन स्वीकृति, 35 जॉब कार्ड, 10 नवीन राशन कार्ड सहित मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य किए गए। ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र परिवारों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान नला बड़ा गांव के ग्रामीणों ने राशन सेंटर खोलने की मांग रखते हुए बताया कि उन्हें वर्तमान में राशन लेने के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं एवं गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने नला बड़ा में नया राशन सेंटर शुरू करवाने की मांग रखी।

इसके अलावा खरड़िया पटवार मंडल कार्यालय हेतु भूमि आवंटन, आबादी विस्तार सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी रमेश टेलर, भाजपा विधानसभा प्रभारी मुकेश माली, सहप्रभारी राजेश जैन, पूर्व सरपंच एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रूपलाल वाहिया, वरिष्ठ भाजपा नेता मांगीलाल पारगी, किसान मोर्चा तहसील अध्यक्ष शंकरलाल पटेल, प्रशासक सुखलाल कोपसा, निवर्तमान उपसरपंच बद्रीलाल कटारा, पूर्व उपसरपंच मन्नालाल डूंगरी, पटवारी विष्णु प्रसाद खराड़ी, समाज कल्याण विभाग से कन्हैयालाल चव्हाण, पीईईओ हीरालाल पटेल, ग्राम विकास अधिकारी बाबूलाल वडेरा, कनिष्ठ सहायक प्रेमप्रकाश पारगी, चुन्नीलाल गाडरी सहित सभी वार्ड पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।