रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल (उदयपुर)। झाड़ोल थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी के बहुचर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब सात महीने से फरार चल रहे शातिर आरोपी सुरेश शर्मा (45) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर होटल प्रोजेक्ट के नाम पर 90 बीघा जमीन का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में फरार चल रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
होटल प्रोजेक्ट के नाम पर रची करोड़ों की साजिश
प्रकरण के अनुसार प्रार्थी परमवीर सिंह ने झाड़ोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अर्जुन लाल कुमावत, सुरेश शर्मा, रेखा औदिच्य एवं राजेश कुमार ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए झाड़ोल के पास चंदवाश लेक क्षेत्र में होटल व्यवसाय के लिए 90 बीघा जमीन उपलब्ध कराने का झांसा दिया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर चेक, आरटीजीएस, नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से करोड़ों रुपये प्राप्त कर लिए, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही राशि वापस लौटाई। इस पर झाड़ोल थाना पुलिस ने धारा 420, 406 एवं 120-बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
7 महीने तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी, आखिरकार गिरफ्त में आया
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाड़ा) श्रीमती अंजना सुखवाल तथा वृताधिकारी (झाड़ोल) श्री विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी फैलीराम मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी और करीब सात महीने से फरार चल रहे आरोपी सुरेश शर्मा निवासी महिला मगरा, बेडवास को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले इसी मामले में आरोपी अर्जुन कुमावत को भी झाड़ोल पुलिस गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस जटिल और चर्चित मामले का सफल खुलासा करने तथा फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में थानाधिकारी फैलीराम मीणा, सहायक उप निरीक्षक सतीश चन्द्र, कानिस्टेबल ओमप्रकाश, कानिस्टेबल बालकृष्ण एवं चालक कानिस्टेबल उमेश की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस का सख्त संदेश
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उदयपुर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और ऐसे मामलों में शामिल हर आरोपी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
